निगोही। बहादुरपुर खुर्द गांव में शनिवार सुबह दरवाजा लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
विज्ञापन
गांव निवासी सोमवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी बहुओं के साथ दरवाजा लगाने का प्रयास कर रहीं थीं। इसी दौरान दूसरा पक्ष पहुंच गया और विरोध करने लगा। आरोप है कि जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट की गई, जिसमें उनकी बहू मान्यता और मीना देवी घायल हो गईं।
वीडियो वायरल होने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार तोमर पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी निगोही भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद