पीडब्ल्यूडी नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ के कर्मचारियों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों को हो रहीं विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव को संबोधित मांगपत्र डीएम को दिया।
संघ के पदाधिकारियों ने मांग करते हुए कहा कि 10 साल तक नियमित सेवा न करने वाले कर्मचारियों को भी ग्रेच्युटी का लाभ दिलाया जाए। साथ ही फील्ड कर्मचारियों की भर्ती की जाए, जिससे कि विभाग के भवनों और सड़कों का रखरखाव बेहतरी से किया जा सके। कहा कि विभाग में आउटसोर्सिंग या संविदा को समाप्त करके कर्मचारियों को विभागीय संविदा पर रखा जाए, जिससे कर्मचारियों के शोषण को रोका जा सके। बताया कि विभाग स्टोरकीपर के पद खत्म हो जाने से जूनियर इंजीनियरों को गोदामों का चार्ज दिया जा रहा है, जो कि गलत है। इसके स्थान पर गोदामों का चार्ज वर्क सुपरवाइजर को देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, महामंत्री सर्वेश सिंह, अनिल कुमार, पिंटू, लाल मोहम्मद, गनपतलाल, रामतीर्थ, रामासरे, रामसिंह, धनीराम आदि मौजूद रहे।