एसएस कॉलेज में हुए सम्मान समारोह में वाणिज्य संकाय की छात्रा फ्लाइंग ऑफीसर कोमल पाहूजा और जिला पंचायत अध्यक्ष बने लॉ कॉलेज के छात्र अजय प्रताप सिंह को सम्मानित किया गया।
स्वामी शुकदेवानंद स्मृति सभागार में हुए समारोह में नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह तथा फ्लाइंग ऑफीसर बनी छात्रा कोमल पाहूजा को मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद ने पुष्प गुच्छ, प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। बता दें कि कोमल पाहूजा जिले की ऐसी पहली युवती हैं, जिन्होंने एअरफोर्स में भर्ती होकर फ्लाइंग ऑफीसर बनने का गौरव हासिल किया है, जबकि नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप विधि महाविद्यालय के छात्र हैं। दोनों युवाओं को सम्मानित करने के बाद स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि इन युवाओं ने परिवार के साथ कॉलेज का भी नाम रोशन किया है। ऐसे युवाओं पर उनका संस्थान गर्व महसूस कर रहा है।
अपूर्वा शर्मा के संचालन में हुए कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग अग्रवाल ने दोनों युवाओं का परिचय दिया। आयोजन में डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. केके वर्मा, डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. दीपक मिश्र, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. गौरव सक्सेना, डॉ. इंद्रजीत कौर, डॉ. अभिजीत मिश्र, डॉ. अजय वर्मा, डॉ. जगदीश कुमार आदि मौजूद रहे।