शाहजहांपुर। वीरांगना माता अहिल्याबाई होल्कर की 297वीं जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें याद किया गया। राजनीतिक पार्टियों, सामाजिक संस्थानों की ओर से गोष्ठी व पुष्पांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
भाजपा महिला मोर्चा चौक मंडल की ओर से बाबा बनखंडी नाथ मंदिर में गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन हर नारी के लिए एक प्रेरणा है। मुख्य वक्ता शिक्षाविद डॉ. सुरेश मिश्रा ने कहा कि एक अकेली महिला ने कन्याकुमारी से लेकर पेशावर, द्वारिका से लेकर पुरी न जाने कितने ही मंदिरों, धर्मशालाओं, घाटों, तालाबों, बावड़ियां, दान-संस्थाएं, धर्मशालाएं, कुएं, भोजनालयों का निर्माण करवाया। कार्यक्रम अध्यक्ष वैभव खन्ना ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने जिस तरह भारत की अस्मिता को पुन: स्थापित किया है, उसके लिए हिंदू समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा। महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष वर्षा अवस्थी, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य पूनम मेहरोत्रा, चौक मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष ज्योति गुप्ता, आयुष शंखधार आदि मौजूद रहे।
सपाइयों ने वीरांगना के चित्र पर पुष्प अर्पित किए
सपा कार्यालय पर अहिल्याबाई होल्कर की जयंती मनाई गई। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां व पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने वीरांगना अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इस बीच पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा, सपा नेता राजेश वर्मा, जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव, महिला सभा की जिलाध्यक्ष गायत्री वर्मा, नसीम खां, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्ला सिद्दीकी, अजीज अहमद खां, हफीज अंसारी, अवधेश पाल, संतोष पाल आदि मौजूद रहे।