शनिवार को कोतवाली में छह घंटे तक चली मैराथन पंचायत में मोहब्बत के आगे ममता की हार हो गई। युवती ने अपने पिता और मां के साथ जाने से इंकार कर दिया और प्रेमी के साथ चली गई।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का पुवायां में मेडिकल स्टोर है। मेडिकल स्टोर के पास की रहने वाली एक युवती का युवक से प्रेम प्रसंग चल निकला। युवती की दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। मां और पिता ने युवती की शादी के लिए 1.70 लाख रुपये उसके नाम ही बैंक में जमा कर रखे हैं और जेवर आदि भी बनवा रखे हैं। प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने युवती पर बंदिशें लगा दीं। शनिवार को युवती घर से रुपये निकालने के लिए बैंक जाने की बात कहकर निकली और कोतवाली जा पहुंची।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी करना चाहती है, लेकिन पिता और मां इसके लिए तैयार नहीं हैं। पुलिस ने युवती के पिता और मां को कोतवाली बुलाया तो युवती का प्रेमी भी अपने पिता और मां के साथ कोतवाली पहुंच गया। छह घंटे तक चली पंचायत के बाद भी युवती प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी रही। आखिर में तय हुआ कि युवती अपनी मर्जी से शादी करेगी और शादी के लिए बैंक में जमा राशि और जेवर आदि पिता-मां को सौंप देगी। इसके बाद किशोरी ने बैंक जाकर रुपए निकालकर पिता को दे दिए। नगर में मामले की व्यापक चर्चा है। युवती प्रेमी के साथ चली गई है।