मीरानपुर कटरा। बाघ को पकड़ने के लिए एक पिंजड़ा नाकाफ़ी साबित होने पर वन विभाग ने अब दूसरा पिंजड़ा लगाकर बाघ को पकड़ने की कवायद शुरू की है। वन विभाग की टीम लगातार इलाके में कैंप कर रही है।
गांव नगला इब्राहिम के ग्रामीणों ने करीब तीन सप्ताह पूर्व खेतों में बाघ के पगचिन्हों को देखा था। इसके बाद से ही ग्रामीणों में बाघ की दहशत बनी हुई है। वन विभाग की टीम लगातार बाघ की निगरानी करती आ रही है। बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने गांव नगला मधा के जंगल में गन्ने के खेत में एक पिंजड़ा लगा दिया है। पिंजड़े के अंदर एक पड्डे को बांधा गया है। पिछले दो दिन से बाघ पिंजड़े वाले एरिया में नहीं दिखा। इस पर वन विभाग के अधिकारियों ने रविवार को पीलीभीत से दूसरा पिंजड़ा मंगाकर उसे पड़ोस के गांव मकरंदापुर के जंगल में लगा दिया है। बाघ की चहलकदमी वाले करीब आधा दर्जन गांवों के लोग सहमे हुए है। वन विभाग के दरोगा अजय कुमार ने बताया कि टीम लगातार बाघ प्रभावित इलाके में कैंप कर रही है।