खुटार। कार और बाइक की टक्कर के बाद बाइक सवार कार के बोनट पर जा गिरा तो चालक कार को रोकने के बजाय एक किमी तक दौड़ाता चला गया। बाद में चालक कार को छोड़कर भाग गया।
गांव चमराबोझी निवासी च्यूंगम बाइक से शाम सात बजे गांव रामपुरकलां गए थे। इस बीच खुटार की ओर से आ रही कार बाइक से टकरा गई। हादसे के बाद बाइक रोड किनारे जा गिरी और च्यूंगम कार के बोनट पर जा गिरा। चालक ने कार रोकने की बजाय दौड़ा दी। च्यूंगम ने किसी तरह बोनट से कार की छत पर जाकर उसे पीटना शुरू कर दिया, इसके बाद भी चालक कार को दौड़ाता रहा। गांव चमराबोझी मोड़ के पास लोगों ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया तो चालक कार छोड़कर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस कार और बाइक को थाने ले आई। घायल को सीएचसी भिजवाया गया है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर जांच कराई जाएगी। संवाद