खुटार। गांव झदिया निवासी रजविंदर सिंह ने धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति को नामजद करते हुए दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रजविंदर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने मूलरूप से गांव दिउरिया झदिया और वर्तमान में गांव मैनिया निवासी रोला सिंह उर्फ रोड़ा सिंह से कुछ जमीन को खरीदा था। जमीन का बैनामा भी कराया गया था। खरीदी गई जमीन का दाखिल खारिज किसी कारण न हो पाने से मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है।
बाद में रोला सिंह ने धोखाधड़ी कर फर्जी दस्तावेज, खसरा आदि तैयार कर खुद को जमीन मालिक बताते हुए एक बैंक से 15 मार्च 2025 को दो लाख 41 हजार रुपये का कर्ज निकाल लिया। कर्ज दिलाने में एक अन्य व्यक्ति भी शामिल है। जानकारी होने पर उन्होंने खुटार पुलिस को तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अधिकारियों ने भी सुनवाई नहीं की, तब उन्होंने कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
दान के नाम पर 2.16 लाख रुपये ठगने की रिपोर्ट दर्ज
पुवायां। गांव सुनारा खुर्द निवासी संदीप सिंह से दान के नाम पर दो लाख 16 हजार रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
संदीप सिंह ने पुलिस को बताया था कि उनके पास विदेश के नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह संदीप सिंह को दस हजार डालर दान करना चाहता है। इस पर उन्होंने अपना बैंक एकाउंट नंबर व्हाट्सएप कर दिया। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से कॉल आई और कॉल करने वाले ने बताया कि दान के रुपये लेने के लिए उनको 5000 रुपये देने पड़ेंगे। उन्होंने यूपीआई के माध्यम से 5000 रुपये भेज दिए।
इसके बाद कई बार में लगभग दो लाख 16 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिए। इसके बाद 50 हजार रुपये और ले लिए गए। अब कॉल करने वाला और रुपये मांग रहा है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। संवाद