शाहजहांपुर/कांट। राज कॉरपोरेशन लिमिटेड के एमडी पर मोबाइल फोन पर अश्लील क्लिप भेजने का आरोप लगाने वाली युवती रिपोर्ट दर्ज कराने के आठ दिन बाद लौट आई है। पुलिस ने उसके पास व्हाट्सएप पर नोटिस भेजा था। शनिवार को पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। साथ ही सोमवार को न्यायालय में बयान देने के लिए बुलाया है।
कांट-जलालाबाद रोड पर स्थित आरसीएल कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी ने 28 दिसंबर को कांट थाने में मैनपुरी निवासी एमडी मनोज यादव व उसके पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि मनोज ने उसे कॉल कर होटल के कमरे में बुलाने का दबाव बनाया। इन्कार करने पर अश्लील वीडियो व्हाट्सएप पर भेजी।
हिसाब-किताब दिखाने के बहाने कमरे में बुलाकर अश्लील हरकत की। उससे गंदी बातें भी कीं। पीड़िता ने आरोपी की शिकायत उसके बेटे से की तो उससे इस्तीफा लिखवा लिया। पीड़िता ने एसपी राजेश एस. को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर उसी रात को एमडी की तलाश में स्थानीय कार्यालय में दबिश दी थी। पिता-पुत्र यहां से चले गए थे। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद दहशत में आई पीड़िता भी यहां से अपने गृह जनपद चली गई। बीमार होने के चलते उसने स्वस्थ होकर आने की बात कही थी। उसके नहीं आने पर चिकित्सीय परीक्षण और बयान नहीं होने से जांच थम गई थी।
पुलिस ने बयान देने के लिए व्हाट्सएप व रजिस्ट्री से उसे नोटिस भेजा था। शनिवार को दोपहर बाद पीड़िता अपने परिवार के साथ निजी कार से कांट थाने में पहुंची। थाना प्रभारी अश्वनी सिंह ने पुलिस सुरक्षा में उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। इसके बाद पीड़िता अपने परिवार के साथ घर लौट गई है।
पुलिस ने उसे सोमवार को न्यायालय में बयान देने के लिए बुलाया है। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है। बयान होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ सकती हैं एमडी की मुश्किलें
-आरसीएल कंपनी के एमडी और उसके पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद पीड़िता के बयान कराए जाएंगे। आरोपों के आधार पर बयान देने पर एमडी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए मैनपुरी तक जा सकती है।