शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयाें में कार्यरत 2918 शिक्षामित्रों और 659 अनुदेशकों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहार के मौके पर विभाग ने उनका मानदेय जारी कर दिया है। इससे लंबे समय से मानदेय का इंतजार कर रहे शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की खुशियां बढ़ गई हैं।
बीएसए कार्यालय के अनुसार, शिक्षामित्रों को 18 हजार रुपये प्रतिमाह और अनुदेशकों को 17 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से मानदेय दिया जाएगा। विभागीय स्तर पर मानदेय भुगतान से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इसके बाद भुगतान की पत्रावली कोषागार (ट्रेजरी) भेज दी गई है। वहां से प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित कर दी जाएगी।
जिले में कुल 3577 शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को इसका लाभ मिलेगा। त्योहार के समय मानदेय जारी होने से उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। दीपावली की तैयारियों और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में भी यह धनराशि मददगार साबित होगी। बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय जारी कर दिया गया है।