तिलहर। नौकरी से हटाए जाने पर गिरोह बनाकर टावरों से चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
23 सितंबर को आरएस टेली सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ के टेक्नीशियन विभु सिंह ने तिलहर थाने में मोबाइल टावरों से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तिलहर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मनु उर्फ मानव निवासी ग्राम पशुपुरा थाना शाहबाद जिला रामपुर को बुधवार दोपहर करीब तीन बजे खानपुर चौराहा के पास से गिरफ्तार किया था।
मानव के साथी विकास कुमार, राजू सिंह उर्फ लाडला निवासी ग्राम नंगला बनवीर थाना पाकबड़ा मुरादाबाद को पूर्व में पुलिस जेल भेज चुकी है। मानव उर्फ मनु पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मनु ने बताया कि वह जीजा विकास कुमार व जीजा के भाई राजू के साथ मोबाइल टावर कंपनी में नौकरी करता था।
कंपनी ने उन लोगों को नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद से वे लोग मोबाइल टावरों से अजना नाम का उपकरण चोरी करने लगे। इसे वे लोग आगरा के आकाश राठौर को बेच देते थे। 22 सितंबर को उन्होंने कपसेड़ा के मोबाइल टावर से दो अजना कार्ड खोले थे। वे लोग सीतापुर, शाहजहापुर, हरदोई व बरेली आदि जिलों में भी अजना कार्ड चोरी की वारदात अंजाम दे चुके हैं।