मीरानपुर कटरा में ट्रैक्टर से गेट तोड़ता आरोपी। स्रोत: वीडियो ग्रेब
मीरानपुर कटरा। कटरा खुदागंज मार्ग पर स्थित एक मैरिज लॉन में रविवार रात पत्नी से हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने गुस्से में ट्रैक्टर से लॉन का मुख्य गेट तोड़ दिया। इस घटना से शादी समारोह में भगदड़ मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन मैरिज लॉन मालिक और आरोपी पक्ष के बीच समझौता होने से बगैर कार्रवाई के लौट गई।
सिंह मैरिज लॉन के मालिक विपिन कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे उनके लॉन में एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान शादी में वर पक्ष की तरफ से आए मीरानपुर कटरा के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उपस्थित लोगों ने हस्तक्षेप कर झगड़े को शांत कराया। विवाद शांत होने के बाद युवक नाराज होकर घर लौट गया।
सुबह करीब चार बजे पति गांव से ट्रैक्टर लेकर मैरिज लॉन पहुंच गया। कर्मचारियों ने ट्रैक्टर रोकने के लिए मुख्य गेट का फाटक बंद कर दिया। उसने ट्रैक्टर से फाटक तोड़ दिया। इसके बाद वह ट्रैक्टर लेकर अपने गांव वापस चला गया। गेट तोड़ने समेत अन्य गतिविधियां लॉन में लगे सीसी कैमरों में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर डाली गई, जो अब वायरल हो रही है।
थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी और मैरिज लॉन स्वामी के बीच समझौता हो गया है। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया है। इस वजह से पुलिस ने आगे कोई कार्रवाई नहीं की है।