तिलहर। थाना कटरा क्षेत्र के गांव समधाना निवासी प्रॉपर्टी डीलर सतीश चंद्र की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी सुनीता और उसके प्रेमी (ननदोई) कपिल गंगवार को जेल भेज दिया गया है। उनकी 12 साल की बेटी को परिवार का कोई सदस्य लेने को तैयार नहीं हुआ। ऐसे में उसे वन स्टाप सेंटर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार छह साल पहले सतीश चंद्र को पहले खाने में जहर दिया गया। इसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात को उनकी पत्नी सुनीता ने अपने प्रेमी कपिल गंगवार के साथ मिलकर अंजाम दिया। घटना के बाद सुनीता अपनी छह वर्षीय बेटी को साथ लेकर कपिल के साथ भाग गई।
रविवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके साथ 12 वर्षीय बेटी भी थी। थाने में आए परिजनाें ने बेटी को साथ रखने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने बताया कि जिस समय वारदात हुई थी, तब मृतक की बेटी छह साल की थी।
इंस्पेक्टर जुगल किशोर पाल ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। बेटी को परिवार के किसी सदस्य ने रखने से इन्कार कर दिया। ऐसे में उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। बालिका के संबंध में केंद्र ही अग्रिम निर्णय लेगा। संवाद