शाहजहांपुर। बीते दिन तड़के झमाझम बरसात के बाद रात से फिर बादल गहराने लगे और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आधी रात के बाद से फिर तेज बरसात होने लगी। करीब एक घंटा के दौरान 9.4 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई और इस वजह से सुबह वातावरण में आर्द्रता बढ़कर 95 प्रतिशत हो गई। हवा में नमी की अधिकता से सुबह के वक्त मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन बाद में दिन निकलने पर बादल हल्के पड़ गए। सूरज जैसे-जैसे आसमान के सफर पर बढ़ा, उमस भी बढने लगी और थर्मामीटर का पारा छह डिग्री उछलने से अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार मंगलवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे और मध्यम से भारी वर्षा होने का अनुमान है।
बीती शाम से बादल छाए होने के कारण रात में भी लोगों को काफी उमस महसूस होती रही। इस वजह से रात में न्यूनतम तापमान भी 0.2 डिग्री बढ़कर 24.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। आधी रात के बाद करीब दो बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई और कुछ ही देर मेें बारिश ने रफ्तार पकड़ ली। इससे उमस मेें कमी आ गई और पंखे भी ठंडी हवा फेंकने लगे। दिन निकलने पर पछुआ हवा बादल उड़ाने लगी तो सूरज झांकने लगा और इसी के साथ गर्मी बढ़ने लगी। हालांकि, दोपहर 12 बजे पुवायां, निगोही और आसपास के ग्रामीण इलाकों मेें करीब आधे घंटे तक तेज बरसात हुई, लेकिन महानगर और आसपास के क्षेत्र सूखे पड़े रहे।
सूर्यास्त से पहले शाम तक धूप वातावरण की आर्द्रतो सोखकर उमस पैदा करती रही, लेकिन सूरज डूबने के बाद मौसम से उष्णता और उमस का प्रभाव जाता रहा। गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह का कहना है कि जनपद पर पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह प्रभावी हो चुका है और इसे देखते अगले दो-तीन दिन तक नियमित रूप से बारिश जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि बैरोमीटर की रीडिंग सुबह सामान्य से 23 अंक कम रही, लेकिन शाम को 11 अंक बढने से मंगलवार को सुबह से दोपहर तेज हवा चलने और शाम को तेज बारिश होने का अनुमान है।