शाहजहांपुर। अधिवक्ता दिवस पर शुक्रवार को कचहरी स्थित राजीव सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान और नया रजिस्ट्रेशन कराने वाले वकीलों का स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि जिला जज सुशील कुमार रस्तोगी ने अधिवक्ताओं को अधिवक्ता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने सेंट्रल बार एसोसिएशन में साल 1976 से 1980 के पंजीकृत वरिष्ठ अधिवक्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जबकि साल 2021 में नया पंजीकरण कराने वाले वकीलों को बैच पहनाकर स्वागत किया।
इससे पहले सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला जज का फूल माला पहनाकर व स्मृति चिह्न देकर स्वागत व सम्मान किया। सभी अधिवक्ताओं ने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान सीबीए के अध्यक्ष अनंत कुमार सिंह, महासचिव अनीत त्रिवेदी, वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र यदुवंशी, तलतुनूर सिद्दीकी, राजमोहन मिश्रा आदि मौजूद रहे।