मुरादाबाद मंडल के एडीआरएम हितेंद्र मल्होत्रा बुधवार को किसान एक्सप्रेस से शहर के रेलवे स्टेशन पर करीब पौने 11 बजे के करीब पहुंचे। वहां से उतर कर एडीआरएम सीधे गोविंदगंज स्थित मंडलीय यातायात प्रशिक्षण केंद्र (डीटीटीसी) पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने कर्मचारियों और छात्रों से बातचीत की। साथ ही व्यवस्थाएं बेहतर करने के लिए वहां के कर्मचारियों को निर्देशित किया। इसके बाद वह सीधे रोजा रेलवे स्टेशन पर चले गए।
रोजा से लौटने पर मल्होत्रा ने प्लेटफार्मों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म पर रखे खराब कूड़ेदानों को सही करवाने के निर्देश दिए। वहीं स्टेशन की सफाई कराने के लिए लाई गई मशीन के बारे में पूछा। इस पर साफ-सफाई के ठेकेदार ने बताया कि उन्हें मशीन चलाने के लिए बिजली उपलब्ध नहीं कराई जाती है। इस पर एडीआरएम ने स्टेशन पर कार्यरत बिजली विभाग के कर्मचारियों को मशीन संचालित करने के लिए बिजली उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए।
इसके बाद वह वीआईपी रूम में गए। वहां मौजूद सफाईकर्मियों के अलग-अलग कपड़े और जूते देखकर बोले कि सभी सफाई कर्मी एक ड्रेस कोड में रहे, जिससे उनकी पहचान हो सके। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन पर बिजली, पानी एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जायजा लिया। साथ ही स्टेशन अधीक्षक एके गौतम को स्टेशन की व्यवस्थाओं में अधिक सुधार लाने के लिए निर्देशित किया। पौने तीन बजे के करीब वह सियालदाह एक्सप्रेस से चले गए।
ट्रैकमैन, टोकन पोर्टर और गैंगमेन को एक सिलेबस पढ़ाया जाएगा
शाहजहांपुर। एडीआरएम हितेंद्र मल्होत्रा ने ट्रैकमैन, टोकन पोर्टर और गैंगमेन का सिलैबस एक करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहलेे यह सिलैबस अलग-अलग था। यह निर्देश डीआरएम ने गोविंदगंज स्थित मंडलीय यातायात ट्रेनिंग सेंटर पर निरीक्षण के दौरान दिए। उन्होंने बताया कि मंडल में अन्य जिलों में यह काम शुरू किया जा चुका है।
एडीआरएम ने गार्ड-चालक रनिंग रूम का निरीक्षण किया
रोजा। मुरादाबाद मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक हितेंद्र मल्होत्रा ने बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे सड़क मार्ग से रोजा आए और यहां उन्होंने गार्ड और चालक रनिंग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान सब कुछ ओके मिला सिर्फ बिजली अव्यवस्था को लेकर सेक्शन इंजीनियर (बिजली) संजय सक्सेना को दिशा निर्देश दिए। इस दौरान लोको प्रभारी एचके त्रिवेदी, सीएचआई सलाउद्दीन, सेक्शन इंजीनियर लोको डीएल वर्मा, रवि प्रकाश सहित कई पूलों के प्रभारी मौजूद थे।