शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के नजदीक आने के साथ ही तैयारिया तेज हो गई हैं। उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण अंतिम चरण में पहुंच गया है। मात्र दस विद्यालय कॉपी ले जाने के लिए बचे हैं। डीआईओएस कार्यालय को प्रवेश पत्र व नियमावली भी मिल गई है, लेकिन अपार आईडी का कार्य पूर्ण करने के बाद ही स्कूलों को उनका वितरण किया जाएगा।
जिले में अपार आईडी बनाने का काम काफी प्रयास करने के बावजूद तेजी नहीं पकड़ पाया है। अभी तक मात्र 57 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। शिक्षकों की मानें तो आधार कार्ड नहीं होने, आधार का डाटा स्कूल के अभिलेख से मिलान नहीं हाेने के कारण अपार आईडी नहीं बन पा रही है।
माध्यमिक और निजी स्कूल भी लापरवाही कर रहे हैं। ऐसे में कार्य को पूर्ण कराने के लिए डीआईओएस ने नया प्रयोग किया है। डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र और नियमावली उन्हीं विद्यालयों को आवंटित की जाएगी, जो अपार आईडी का काम पूर्ण करेंगे।
राजकीय इंटर कॉलेज से काॅपियों का वितरण कराया जा रहा है। सोमवार तक दसवीं की एक लाख 53 हजार 672 और 12वीं की 98 हजार 230 काॅपी बांटी जा चुकी हैं। दस सेंटर की कॉपियां शेष रह गईं हैं। निर्देश दिए हैं कि काॅपियों को अलग कमरे में सुरक्षित तरीके से रखा जाए।