पुवायां। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने मंगलवार को गांव बसखेड़ा बुजुर्ग का निरीक्षण किया और तालाब को खोदवाकर दो वर्ष से चली आ रही जलभराव की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गैरहाजिर चल रहे सफाईकर्मी को भी निलंबित कर दिया।
बसखेड़ा बुजुर्ग की आबादी लगभग 4000 है। गांव के बीच एक तालाब है, जो अवैध कब्जे के चलते पानी से लबालब हो चुका है। इस कारण गांव के सभी रास्तों पर जलभराव है। गांव के लोग वर्ष 2023 से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा।
मंगलवार को एडीएम गांव पहुंचे। लोगों ने बताया कि गांव में किसी की मृत्यु हो जाने पर भीषण जलभराव के कारण अर्थी को कंधा तक देना मुश्किल है। शव को ट्रैक्टर-ट्राॅली से श्मशान घाट तक ले जाना पड़ता है।
एडीएम ने लेखपाल, कानूनगो को तालाब की पैमाइश करने और एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत अधिकारी को बुधवार से इंजन लगाकर पानी निकासी कराने का निर्देश दिया। गांव वालों की सफाईकर्मी संजय कुमार के लंबे समय से काम न करने और दूसरे गांव के सफाईकर्मी से काम कराने की शिकायत पर एडीएम ने सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया।
एडीएम ने स्कूल पहुंचकर बच्चों से शिक्षण कार्य की जानकारी ली। सही उत्तर देने पर एक बच्चे को पुरस्कृत भी किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम चित्रा निर्वाल भी मौजूद रहीं।