पंचायत चुनाव से निवृत्त होने के बाद प्रशासन ने शासन की विभिन्न विकास एवं निर्माण योजनाओं के क्रियान्वयन पर सारा ध्यान फोकस कर दिया है। इसी क्रम में डीएम शुभ्रा सक्सेना ने द्वितीय शनिवार के राजपत्रित अवकाश के बावजूद कांट क्षेत्र के लोहिया समग्र ग्राम औदापुर जाकर वहां गांव के संतृप्तीकरण को किए गए कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई लोहिया आवासों का निर्माण कार्य अधूरा देख उनका पारा हाई हो गया। उन्होंने आवासों का निर्माण कार्य एक सप्ताह में पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण मेें विकास सहित कई विभागों के अधिकारी डीएम के साथ रहे।
निरीक्षण में डीएम ने पाया कि गांव में 41 लोहिया आवास स्वीकृत किए गए थे। इनमें से अधिकांश आवासों का भवन निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन कई आवासों के फर्श और खिड़कियां पूरी बनी नहीं पाए जाने पर डीएम की त्योरियां चढ़ गईं। उन्होंने इस काम मेें लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारी को एक सप्ताह के अंदर आवासों के अधूरे काम पूरे कराकर आख्या देने के निर्देश दिए।
गांव में स्थापित 29 हैंड पंपों के निरीक्षण से ज्ञात हुआ कि तीन हैंड पंप खराब हैं और उनमें से एक रिबोर होने लायक है। डीएम ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को सामान्य खराबी वाले हैंड पंप तत्काल बनवाने और रिबोर होने योग्य हैंड पंपों की जांच कर अवगत कराने के निर्देश दिए। वैकल्पिक ऊर्जा विभाग के अधिकारी को गांव में खराब पाई गई सोलर लाइट दो दिन में ठीक कराने के निर्देश दिए।
चौपाल में डीएम ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका निराकरण कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से पता चला कि गांव में 130 शौचालय बने हैं। उन्होंने बीडीओ को गांव के सारे शौचालय चेक करके यह बताने को कहा कि कितने शौचालय बन चुके हैं और उनमें से कितने शौचालयों का इस्तेमाल शुरू किया गया है। इस दौरान डीएम ने जॉब कार्ड धारकों और पेंशन पात्रों से बात करके मनरेगा और समाजवादी पेंशन की प्रगति जांची।
0000
तालाब से अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश
लोहिया समग्र ग्राम औदापुर का निरीक्षण करने के दौरान डीएम ने गांव में 1.95 लाख रुपये से जीर्णोद्धार किए गए तालाब पर नजर डाली तो पता चला कि गांव के रहने वाले राजवीर ने तालाब के पास ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप उसे झोपड़ी डाल रखी है और वहां निजी शौचालय भी बनवा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तालाब से झोपड़ी और शौचालय का कब्जा जल्द हटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व पीके श्रीवास्तव, प्रभारी सीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, डीआरडीए के परियोजना निदेशक अजय प्रकाश, मनरेगा उपायुक्त आदि अधिकारी डीएम के साथ रहे।