शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने खेल गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए एक तदर्थ खेल परिषद का गठन किया है। कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि परिषद का उद्देश्य विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
गठित परिषद में कुलपति को अध्यक्ष, कुलसचिव को उपाध्यक्ष और वित्त अधिकारी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। परीक्षा नियंत्रक परिषद के सदस्य होंगे। प्रो. अजीत सिंह चारग को खेल सचिव का दायित्व सौंपा गया है। डॉ. प्रांजल शाही उप खेल सचिव हैं। परिषद में संबद्ध महाविद्यालयों के वरिष्ठ शिक्षाविदों और शारीरिक शिक्षा विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है। इनमें जीएफ कॉलेज से प्रो. मोहसिन हसन खान और डॉ. मोहम्मद शोएब शामिल हैं। आर्य महिला पीजी कॉलेज से प्रो. सुरचना त्रिवेदी और अनुराधा सदस्य बनाई गई हैं। प्रेम किशन खन्ना राजकीय डिग्री कॉलेज जलालाबाद से डॉ. अवधेश कुमार भी परिषद का हिस्सा होंगे।
छात्रों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए मनु राजवंशी और प्राची वर्मा को सदस्य बनाया गया है। आमंत्रित सदस्यों में अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी अवनीश कुमार यादव शामिल हैं, जो ओएनजीसी, देहरादून में उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हैं। राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी डॉ. रोहित प्रकाश श्रीवास्तव भी आमंत्रित सदस्य के रूप में नामित किए गए हैं।