शाहजहांपुर। खेतों में पराली जलाने वाले किसानों पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डीएम के निर्देश एसडीएम और सीओ ने बुधवार को पुवायां तहसील क्षेत्र में राजस्व और पुलिस टीम के माध्यम से अभियान चलाया गया। बंडा में पराली जलाने वाले छह किसानों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करा दी है। पुवायां में 12 और खुटार में चार किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पराली जलाने पर एनजीटी से ने सोमवार को पराली जलाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे और सरकार को फटकार भी लगाई गई थी। इसके बाद इस मसले पर कोर्ट ने भी कड़ा रुख अपनाया है। इसके बाद शासन से लेकर प्रशासन तक कार्रवाई की सहमति बनी। इसी क्रम में डीएम ने पराली जलाने पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश जारी किए थे।
बंडा। बुधवार को एसडीएम सौरभ भट्ट और सीओ प्रवीण कुमार ने बंडा में थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह को साथ लेकर कई गांवों में भ्रमण किया और किसानों को पराली जलाने को लेकर की जा रही सख्ती व उससे होने वाले नुकसान के बारे में बताते हुए सभी से पराली जलाने पर पूरी तरह से रोक लगाने को कहा। पराली जलाते मिले गांव धर्मापुर के अवधेश कुमार, गांव सिंगापुर पनही के नंदलाल, रामसनेही, गांव बरगदा के प्रेमपाल, गांव इंदलपुर के मलकीत सिंह, गांव मानपुर पिपरिया के मुकेश कुमार के खिलाफ क्षेत्रीय लेखपालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुवायां। पुवायां, सिंधौली, खुटार थाना क्षेत्र में भी राजस्व और पुलिस टीम ने पराली जलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। पुवायां क्षेत्र में पराली जलाने पर 12, खुटार में चार किसानों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुवायां और खुटार में देर रात रिपोर्ट दर्ज करली गई।
पराली जलाने वालों के खिलाफ अधिकारियों के निर्देश पर राजस्व टीम के साथ अभियान चलाया गया था। जो लोग चिह्नितद किए गए हैं उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जसवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी पुवायां