मिर्जापुर। बुधवार को रामगंगा पार कर मेंथा की फसल काटने गए युवक की रामगंगा में डूबकर मृत्यु हो गई। उसका शव बृहस्पतिवार सुबह नदी में उतराता हुआ मिला। पुलिस ने भाई की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रामगंगा नदी के तटवर्ती ग्राम मदुरा निवासी विजय कुमार ने बताया कि बुधवार को उसका बड़ा भाई संजय कुमार (28) तैरकर रामगंगा पार करके खेत मे खड़ी मेंथा की फसल काटने गया था। वह शाम तक नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने रात में ही उसकी नदी में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह ग्राम कीलापुर के निकट संजय का शव रामगंगा में उतराते हुए ग्रामीणों ने देखा।
परिवार के लोगों ने नदी से शव बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छोटे भाई विजय कुमार की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संजय तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता की कई साल पहले मौत हो गई थी। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह खेतीबाड़ी करके परिवार का गुजारा कर रहा था। मां श्यामवती और भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद