बंडा। कुंडरा गांव के शिवा वर्मा ने नींव तोड़ने का विरोध करने पर गाली-गलौज का आरोप लगाया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला गया, जो अब वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
शिवा शर्मा ने पुलिस को बताया कि घर के दरवाजे के सामने उनकी कुछ खाली जमीन है। उस पर नींव भी भरी हुई है, लेकिन आसपास के कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। रविवार को गांव के तीन युवकों ने जगह को अपनी बताते हुए नींव को तोड़ने लगे। विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें मारा पीटा।
आरोपियों की मदद में पहुंचे ग्राम प्रधान पक्ष के एक व्यक्ति ने उनसे गाली-गलौज की। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि आरंभिक जांच से पता चला है कि पीड़ित पक्ष के शिवा शर्मा ही भाई की जगह पर कब्जा करना चाहते हैं और इसीलिए उन्होंने जबरन नींव भरवा दी। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। संवाद