चौक कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी सुहेल। स्रोत: पुलिस
- फोटो : 1
शाहजहांपुर। दो महिलाओं के साथ कुंडल नोचने की वारदात अंजाम देने के आरोपी मोहल्ला हद्दफ के रहने वाले सुहेल खान को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर बरेली-सीतापुर हाईवे पर कान्हा गोशाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने पिता के इलाज और आर्थिक तंगी के कारण वारदात करने की बात कबूल की।
25 जून को मोहल्ला वाजिदखेल की नौशाद बानो के कान से एक कुंडल नोचने की घटना हुई थी। इसके बाद छह जुलाई को मोती चौक चौराहा पर बहादुरगंज बाजार से ई-रिक्शा से घर जा रहीं आवास विकास कॉलोनी की रितू शुक्ला के साथ इसी तरह की घटना हो गई। हालांकि इस बार सीसी कैमरे में घटना रिकाॅर्ड हो गई। इसके बाद पुलिस ने पहचान कर सुहेल को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि सुहेल ने बताया है कि उसके पिता काफी समय से बीमार रहते हैं। परिवार में कोई अन्य कमाने वाला सदस्य नहीं है। आर्थिक तंगी एवं पिता के उपचार के लिए धन की आवश्यकता थी। इस कारण उसने यह घटनाएं कीं। कुंडलों की पहचान छिपाने के लिए उनके टुकड़े कर दिए। उन्हें बेचने के लिए बरेली जा रहा था। तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखा था।