अल्हागंज। अल्हागंज थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने पत्नी के साथ छेड़खानी व मारपीट का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाया है कि घटना के चार दिन बाद गर्भ में पल रहे छह माह की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
युवक ने बताया कि वह पत्नी के साथ हरियाणा के पलवल में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है। आरोप है कि 25 जुलाई को गांव का एक युवक अपने भाई व बहनोई के साथ कमरे पर आया। पत्नी के साथ छेड़खानी करने लगा। जब पत्नी ने विरोध किया तो उसे लात-घूंसों व डंडों से पीटा। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराकर मामले को शांत कराया।
पत्नी के गर्भवती होने के कारण थाने न जाकर पैतृक गांव लौट आए। घटना के चार दिन बाद 29 जुलाई की रात पत्नी ने मृत बच्ची को जन्म दिया। आरोप है कि मारपीट की वजह से बच्ची की गर्भ में ही मौत हो गई है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामला हरियाणा के पलवल का है। तहरीर मिलने पर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्षेत्राधिकारी जलालाबाद अजय राय ने पीड़ित परिजनों से जाकर मुलाकात की। घटना की जानकारी ली।