तिलहर। एक गांव से करीब 25 दिन पूर्व किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहृत कर लिए जाने के मामले में नामजद आरोपी कांट क्षेत्र के गांव अकर्रा रसूलपुर निवासी आकाश को पुलिस ने शुक्रवार को नगरिया पुलिस चौकी के पास सहवेगपुर गांव के पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने पर वहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
इस मामले में किशोरी के पिता ने गत एक मई को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने किशोरी को घटना वाले दिन ही तलाश कर उसे उसके घरवालों के सुपुर्द कर दिया था। प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद