अल्हागंज। उप डाकघर में लाखों की जमा रकम के घोटाले के मुख्य आरोपी पोस्टमैन सूरज प्रकाश की एक रिश्तेदार बुधवार को आरोपी का सामान लेने उसकी डेयरी पर पहुंची। इस दौरान उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो तमाम खातेदार वहां जा पहुंचे और आरोपी को लेकर महिला पर सवालों की झड़ी लगा दी।
महिला ने डेयरी से कागज की कतरनों से भरी दो बोरियां निकालीं। खातेदारों के अनुसार, घोटाले से जुड़े डाकघर के कागजात नष्ट करने का प्रयास हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी महिला से पूछताछ की। खास यह है कि इस मामले में पोस्टमैन समेत उसके पुत्र रितिक और तत्कालीन उप डाकपाल नवीन के खिलाफ एक माह पहले रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है, लेकिन कोई आरोपी अब तक पकड़ा नहीं गया है। विवेचना कर रहे एसआई नागेंद्र सिंह के अनुसार, अब तक 25 उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और कई खातेदारों को बुलाया गया है। संवाद