कांट। टूटे तार को ठीक करने के लिए शट डॉउन मांगा गया लेकिन संविदा कर्मचारी ने लाइन चालू कर दी। अचानक करंट आने से खेत के चारों ओर लगे कंटीले तारों में करंट दौड़ गया। खेत में पड़ा कूड़ा भी जल उठा। ऐसे में तमाम ग्रामीण करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
चौहनापुर बिजली उपकेंद्र से संबद्ध गांव मल्हपुर भिठोली के ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों बाद बृहस्पतिवार को थ्री-फेज लाइट आई थी। रात करीब 12 बजे तार टूट गया। इसकी शिकायत उपकेंद्र में की गई। इसके बाद संविदा पर तैनात दो लाइनमैन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। लाइनमैन ने उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारी से शटडाउन के लिए कहा लेकिन वहां मौजूद कर्मचारी ने विद्युत सप्लाई शुरू कर दी। इससे खेत में पड़ा तार और आसपास इकट्ठा कूड़ा जलने लगा। खेत के चारों ओर लगे तारों में भी करंट आ गया। इसके बाद फोन कर लाइन कटवाई गई। बिजली की चपेट में आने से ग्रामीण बच गए। जेई का फोन न उठने पर ग्रामीणों ने एक्सईएन मुकेश कुमार को जानकारी दी। उन्होंने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।