शाहजहांपुर। शुक्रवार दोपहर जलालाबाद के कटरा-फर्रुखाबाद हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर मौके से भाग गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
थाना मदनापुर के गांव झपका दिलावरपुर निवासी दिनेश की बेटी मोहिनी की शादी कलान थाना के गांव पिलुआ निवासी अनिरुद्ध के बेटे सत्यप्रकाश सिंह के साथ हुई थी। कुछ दिन पहले दिनेश की पत्नी सीमा (42) अपनी बेटी के घर पिलुआ गई थी। शुक्रवार को सीमा अपने समधी अनिरुद्ध के साथ झपका जाने के लिए बाइक से निकली।
दोपहर करीब डेढ़ बजे जब उनकी बाइक कटरा-फर्रुखाबाद हाईवे पर जलालाबाद के पास बालाजी मंदिर के समीप पहुंची, तभी पीछे से आए ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अनिरुद्ध बाल-बाल बच गए जबकि सीमा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। ट्रैक्टर- ट्रॉली को कब्जे में लिया है।