मिर्जापुर। फर्रुखाबाद रोड पर ग्राम पहाड़पुर के पास पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि रोड के किनारे खड़े पिता-पुत्र को घायल हो गए।
पहाड़पुर गांव निवासी रामराज ने बताया कि उसका भतीजा 25 वर्षीय स्वदेश पुत्र रामऔतार ने गांव में ही फर्रुखाबाद रोड पर नया मकान बनवाया है। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे स्वदेश अपने नए मकान का लिंटर खुलवाने के लिए गांव के पुराने घर से बेलचा लेने जा रहा था। जैसे ही वह साइकिल लेकर रोड पर आया, तभी फर्रुखाबाद की ओर से आयी तेज रफ्तार पिकअप ने स्वदेश को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच असंतुलित पिकअप को देख सामने से आ रहे बाइक सवार कांट थाना क्षेत्र के अकर्रा रसूलपुर निवासी मुन्नालाल व विनोद कुमार (पिता- पुत्र) ने रोड के नीचे बाइक खड़ी कर ली। मगर असंतुलित पिकअप ने बाइक सवार पिता-पुत्र को भी अपनी चपेट में ले लिया और रोड के किनारे जाकर पलट गई।
दुर्घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष मान बहादुर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायल पिता-पुत्र को सीएचसी जरीनपुर भेजा। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।