शाहजहांपुर। ढका ताल मोहल्ले के डॉट पुल के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक की शिनाख्त निगोही थाना क्षेत्र के गांव धुल्लिया गांव के रहने वाले शहाबुद्दीन के रूप में हुई। शिनाख्त पिता इमामुद्दीन ने की। बताया जा रहा है कि शहाबुद्दीन बाल काटने का काम करता था। बृहस्पतिवार की रात वह किसी समय घर से निकल गया था। सुबह उसकी मौत की सूचना परिजन को मिली। सदर बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। संवाद
हादसे में घायल किशोर की मौत
मीरानपुर कटरा। मोहल्ला आतिशबाजान निवासी मनोहर लाल का आठ वर्षीय पुत्र मोहित बृहस्पतिवार को मोहल्ले के सामने सड़क पार कर रहा था। तभी खुदागंज की ओर से आए गन्ना भरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। शुक्रवार को उसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। किशोर के शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। संवाद