मीरानपुर कटरा। नेशनल हाईवे पर डीसीएम ने सड़क पार कर रहे मजदूर को टक्कर मार दी। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। चालक भाग गया जबकि डीसीएम को पुलिस ने कब्जे में लिया।
मीरानपुर कटरा के मोहल्ला कहरान निवासी राजकुमार (46) मजदूरी करके अपने परिवार की रोजी-रोटी चलाता था ।सोमवार को दोपहर बाद करीब दो बजे नेशनल हाईवे पर मोहल्ला अफरीदी के सामने सड़क पार कर रहा था कि बरेली की ओर जा रही डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। भीड़ ने डीसीएम को घेर लिया। चालक मौका पाकर फरार हो गया। बाद में पुलिस डीसीएम को थाने ले आई। राजकुमार के एक बेटा और दो बेटियां हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संवाद