कमलापुर / सिंधौली। वाहन का पीछा करते समय बिलसंडा थाने की करेली चौकी के प्रभारी ने एक वृद्धा को टक्कर मार दी। गंभीर घायल वृद्धा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद जमा हुए लोगों ने दरोगा का घेराव कर जमकर हंगामा किया।
गांव कमलापुर निवासी तुलाराम की पत्नी 60 वर्षीय सुदामा देवी गुरुवार शाम को खेत से अपने घर लौट रही थी। बिलसंडा थाने की करेली चौकी के प्रभारी संजीव कुमार बाइक से दो सिपाहियों के साथ एक वाहन का पीछा कर रहे थे। इस दौरान संजीव कुमार ने निगोही पुवायां मार्ग पर खन्नौत नदी के पुल के पास सुदामा देवी को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से सुदामा देवी गंभीर घायल हो गईं।
जानकारी पाकर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे और दरोगा को मौके पर ही रोक लिया और जमकर खरी खोटी सुनाई। दरोगा ने यूपी-100 पर सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और सुदामा देवी को निगोही के सरकारी अस्पताल ले गई। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने वृद्धा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। दरोगा संजीव कुमार ने बताया कि वह एक डीसीएम का पीछा कर रहे थे, अचानक वृद्धा के सामने आ जाने से बाइक वृद्धा से टकरा गई।