शाहजहांपुर/ रोजा। अटसलिया रेलवे फाटक के निकट बरनई तिराहा के पास बुधवार रात 9:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली और मैजिक (छोटा हाथी) की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। इस घटना में टेंपो सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अशोकपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
मैजिक में सवार चकभिठारा के लोग रोजा में ईट भट्ठा पर चल रही भागवत कथा सुनने जा रहे थे। वहीं शाहजहांपुर की ओर से निगोही के कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली भंडारा का सामान लेकर नीमसार जा रहे थे। बताते हैं कि दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी। एक दूसरे के पास से निकलने पर मैजिक में ट्रॉली की चपेट में आ गया। इससे मैजिक एक ओर पलट गया, वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चला गया। मैजिक में सवार यात्री घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ में मौजूद पूर्व जिला पंचायत सदस्य पवन सक्सेना ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस फोर्स पहुंच गया और घायलों को जैसे-तैसे सरकारी और प्राइवेट वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने 45 वर्षीय संतरा देवी पत्नी प्रहलाद को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही चौक कोतवाली इंस्पेक्टर प्रवेश सिंह भी जिला अस्पताल पहुंच गए। भाजपा नेता दिवाकर सिंह पंकज ने भी घायलों का हाल जाना। बाद में घटना में घायल लोगों का हाल जानने के लिए रात में ही एसपी डॉ. एस चन्नप्पा भी पहुंच गए और उन्होंने घायलों और उनके तीमारदारों से घटना के बारे में जानकारी ली। साथ अस्पाताल स्टाफ से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने को कहा।
घायलों के नाम
शीनूपाल(17) पुत्री कृष्णपाल, खुशबूपाल(10) पुत्री देशराज, राजवीरपाल(28) पुत्र रामकुमार, गौरीपाल(23) पुत्री ओमप्रकाश, राखीपाल(15) पुत्री ओमप्रकाश, हिमांशुपाल (10) पुत्र ओमप्रकाश, सुषमा (19) पुत्री देशराजपाल, संगीता (18) पुत्री रामकरनपाल, अंशुलपाल (10) पुत्र सुरेशपाल, कुसुमा (28) पत्नी कृष्णराज, रामरानी (28), रेशमा भारती (23) पुत्री प्रेमपाल, प्रीती (25) पत्नी राजवीरपाल, देवकी (16) पुत्री देवलाल सभी घायल चकभिठारा के रहने वाले हैं।
एक घंटे देरी से पहुंची 108
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 पर कॉल की लेकिन एंबुलेंस नहीं आई, बल्कि इससे पहले यूपी 100 पुलिस और रोजा इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया। इसके बाद 108 मौके पर पहुंची।