जलालाबाद (शाहजहांपुर)। शाहजहांपुर रोड पर तेज रफ्तार रोडवेज की अनुबंधित बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा उसका पति व तीन बेटियां घायल हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल भेजा। हादसे के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
थाना अमृतपुर के गांव मोहनिया निवासी धीरेंद्र कुमार को थाना क्षेत्र के गांव अहमदगंज गुलड़िया निवासी राजेश कुमार की बेटी सीमा देवी ब्याही है। रक्षाबंधन के त्योहार पर धीरेंद्र पत्नी को लेकर ससुराल आया था। त्योहार निपटाने के बाद शनिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे धीरेंद्र पत्नी सीमा देवी (27), बेटी मोहिनी (8), दुर्गा (4) और एक साल की वैष्णवी को बाइक पर बैठाकर घर जाने को निकले। जब यह लोग शाहजहांपुर रोड पर विश्रामनगर के सामने थे इसी दौरान शाहजहांपुर की ओर से (पीछे से) आ रही तेज रफ्तार रोडवेज की अनुबंधित बस की साइड बाइक में लग गई। जिससे बाइक सड़क पर गिर गई। इस दौरान धीरेंद्र समेत सभी बच्चे रोड के बाईं ओर गिरे जबकि सीमा दाहिनी तरफ रॉड पर गिरी और बस का पहिया उसके सिर से निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में धीरेंद्र और तीनों बच्चियों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। सूचना मिलते ही कोतवाली में मौजूद एएसपी अपर्णा गौतम व कोतवाल रवि कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उस बस का पता लगवाने की कोशिश की जा रही है जिससे हादसा हुआ।