महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विकास भवन में प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों की फीडिंग बाजार से कराने पर विरोध जताया। साथ ही सीडीओ और डीपीओ को शासन से निर्धारित भवन किराया किराया दिलाने और केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों का प्रमाणीकरण कराने के संबंध में ज्ञापन भी दिया।
आंगनबाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष पदमा रस्तोगी ने बताया कि सरकार ने महंगाई को देखते हुए केंद्रों का किराया तीन हजार रुपये कर दिया है। इसके बावजूद भी मुख्य सेविकाएं केंद्रों के भवन किराए की औपचारिकताएं पूरी नहीं कर रही हैं। कहा कि मुख्य सेविकाएं साढ़े सात सौ रुपये प्रतिमाह के अनुसार ही धनराशि अग्रसारित कर रही हैं।
महामंत्री नाजिश परवीन ने कहा कि कुपोषण ग्रस्त बच्चों की खोज करने वाले अभियान में भी आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत बच्चों एवं लाभार्थियों का प्रमाणीकरण नहीं कर रहीं हैं। इससे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सही ढंग से खोज नहीं कर पा रही हैं।
जिला प्रभारी विश्वमोहन भारद्वाज ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर नामांकित बच्चों की फीडिंग बाजार से कराकर सीडी बनवाने के लिए सीडीपीओ और सुपरवाइजर बाध्य कर रही हैं। कहा कि इसके लिए नियुक्ति कर्मचारी इसे करने से साफ इंकार कर रहे है। मांग करते हुए कहा कि कार्यकत्रियों की इस समस्या का निस्तारण करने की मांग की।