वेदप्रकाश का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। बंडा के जमुनिया खानपुर गांव निवासी 35 वर्षीय वेदप्रकाश की सांप के डसने से मौत हो गई। वह पत्नी से मिलने पीलीभीत अपनी ससुराल गए थे। उनके शव को देख पत्नी-बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
रामप्रसाद ने बताया कि भाई वेदप्रकाश तीन भाइयों में बड़े थे। वह मजदूरी करते थे। बुधवार की सुबह वेदप्रकाश पत्नी बबली से मिलने के लिए अपनी ससुराल पीलीभीत जिले के गांव हमीरपुर गए थे। वहां खेत पर भाई के हाथ पर सांप ने डस लिया था। भाई के ससुराल वालों ने उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की सूचना दी।
दो दिन चले उपचार के बाद भी भाई की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद शनिवार की शाम भाई को लेकर घर आ गए। वेदप्रकाश को झाड़फूंक के लिए बंडा के सुनासिरनाथ व हरिहरपुर ले गए, लेकिन सभी ने देखकर मना कर दिया। रविवार की देर शाम उसकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। रामप्रसाद ने बताया कि वेदप्रकाश की आर्थिक अच्छी नहीं है। चंदन व बेटी सुमाता की जिम्मेदारी अब मां बबली के कंधों पर आ गई है।