फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: कार की टक्कर लगने से बच्चे की मौत...पहिये में फंसकर 10 मीटर तक घिसटा

विज्ञापन
शान मोहम्मद का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन - फोटो : udhampur news
विज्ञापन
सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। सेहरामऊ दक्षिणी के भरगवां गांव निवासी छह वर्षीय शान मोहम्मद सोमवार सुबह सड़क पार करने के दौरान बोलेरो कार की टक्कर लगने से 15 फुट दूर जा गिरा। भागने के प्रयास में चालक ने कार उसके ऊपर चढ़ा दी। पिछले पहिये में फंसकर वह करीब 10 मीटर तक घिसटता चला गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 10 किलोमीटर दूर सड़क पर गन्ना केंद्र का ट्रक खड़ाकर कार को रुकवाया गया। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन

शराफत शाह ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सुबह जल्दी उठकर गन्ने की छिलाई करने चले गए थे। चाय बनाने के लिए पत्नी सुमन ने बेटे शान मोहम्मद से माचिस मंगाई थी। बेटा माचिस लेने के बाद सड़क पार कर रहा था। तभी शाहजहांपुर की ओर से आई तेज रफ्तार बोलेरो कार से बेटे को टक्कर लग गई। इसके बाद बेटा काफी दूर जाकर गिरा। इसके बाद चालक ने भागने की कोशिश की तो कार बेटे के ऊपर दोबारा चढ़ा दी और बेटा कार के पिछले पहिये में फंसकर घिसटता चला गया।
ग्रामीणों ने कार चालक का पीछा किया, लेकिन वह तेजी से भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने 10 किलोमीटर दूर गन्ना सेंटर पर जान पहचान के लोगों को सूचना दी। उन लोगों ने हुसैनपुर गांव की मोड़ पर ट्रक खड़ा कर दिया। इसके चलते चालक भाग नहीं सका। ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं, कार में सवार सवारियों को जाने दिया गया।
विज्ञापन

शराफत ने बताया कि उनके छह बच्चे थे। इनमें बेटा शान मोहम्मद पांचवें नंबर पर था। बेटा सरकारी स्कूल में कक्षा एक का छात्र था। नौशाद अली ने बताया कि चालक अगर वाहन न भगाता तो शायद भतीजे की जान बच सकती थी। चालक कानपुर सिटी का रहने वाला बताया जा रहा है। थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
मौसी की बेटी की शादी से लौट रहे युवक की हादसे में मौत
बंडा (शाहजहांपुर)। नवापुर गांव के पास रविवार रात हादसा हो गया। किसी वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार बंडा के कढ़ेर चौरा गांव निवासी 26 वर्षीय अरुण कुमार की मौत हो गई। वह अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे।

परिजनों के अनुसार, अरुण कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को गुलड़िया गांव स्थित उनकी मौसी की बेटी की शादी थी। वह शाम को अपने भतीजे शिवम के साथ शादी में शामिल होने के लिए गए। रात को उनका भतीजा वहीं रुक गया, लेकिन अरुण कुमार बाइक से अकेले ही घर के लिए चल दिए।
घर से एक किलोमीटर दूर नवापुर गांव के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे गांव के ही एक व्यक्ति ने उन्हें सड़क पर पड़ा देख उनके परिजनों को सूचना दी। जब तक परिजन पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि अरुण की शादी करीब चार साल पूर्व पीलीभीत जिले के थाना बीसलपुर क्षेत्र के जदमापुर गांव की शैलू से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। इनमें एक बेटी व एक बेटा है। वह दो भाइयों में बड़े थे। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।

हाईवे पर हुए हादसे में युवक की मौत, पत्नी घायल

शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर स्थित चांदापुर चौराहा के पास रविवार शाम हादसा हो गया। किसी वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार कांट थाना क्षेत्र के पिपरौला अहमदपुर गांव निवासी सुभाष चंद्र वर्मा (28) की मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठी उनकी पत्नी अनीता घायल हो गईं। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया है। अनीता की हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि सुभाष चंद्र पत्नी के साथ आरसी मिशन थाना क्षेत्र के उधौपारा गांव अपनी बहन की ननद की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह नवादा इंदेपुर स्थित चांदापुर चौराहा के पास पहुंचे। तभी किसी वाहन से टक्कर लग गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुभाष के मोबाइल से उनके परिजनों को सूचना दी। घायल अनीता को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। परिजनों ने बताया कि सुभाष मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन बच्चे है। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि अनीता को बरेली रेफर कर दिया गया है। संवाद
-
वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत



पुवायां। अज्ञात वाहन की टक्कर से सिंधौली के गांव मिश्रीपुर बुजुर्ग निवासी गौरव कुमार (29) की मौत हो गई। सूचना घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया।



पिता पप्पू रावत ने बताया कि गौरव पेंटर का काम करते थे। सोमवार को गौरव बाइक की सर्विस कराने की बात कहकर घर से निकले थे। पुवायां क्षेत्र में गांव जठियापुर बुजुर्ग के पास अज्ञात वाहन की टक्कर बाइक में लग जाने से गौरव गंभीर घायल हो गए। सीएचसी पर गौरव को मृत घोषित कर दिया गया।



गौरव के पास से मिले आधार कार्ड से पहचान होने के बाद उनके के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि गौरव की तीन वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उनके कोई संतान नहीं है। गौरव की मौत से पत्नी कोमल देवी, पिता पप्पू रावत, मां मंजू देवी, भाई प्रमोद, श्रवण, सौरभ, बहन नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-
सड़क हादसे में किसान गंभीर घायल

खुटार (शाहजहांपुर)। लखीमपुर के थाना मैलानी के गांव छेदीपुर निवासी अमरीक सिंह (52) रिश्तेदार की मौत होने पर सोमवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने पुवायां के गांव गंगसरा जा रहे थे। खुटार पुवायां मार्ग पर गांव रौतापुर कलां मोड़ पर बाइक और ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर में गंभीर घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची 108 सेवा की एंबुलेंस के चालक और ईएमटी ने अमरीक सिंह को सीएचसी पर भर्ती कराया। डॉक्टर ने उनको राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जानकारी पाकर परिजन भी सीएचसी पहुंचे और घायल को इलाज के लिए बरेली के निजी अस्पताल ले गए हैं। उधर मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राॅली को थाने में खड़ा करा दिया गया है। ट्रैक्टर चालक नहीं मिला है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-

शान मोहम्मद का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : udhampur news

शान मोहम्मद का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : udhampur news

शान मोहम्मद का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन- फोटो : udhampur news

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें