शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के चेना रूरिया गांव निवासी बाइक सवार 25 वर्षीय अग्रपाल की सोमवार रात सिंधौली थाना क्षेत्र के सहोरा पुल के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, अग्रपाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार की शाम किसी का काम करने के लिए अन्य मजदूरों की तलाश करने के लिए बाइक से निकले थे। जैसे ही वह सिंधौली थाना क्षेत्र में सहोरा पुल के पास पहुंचे। तभी किसी वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। काफी देर वह वहीं पर पड़े रहे।
इस बीच वहां से गुजरे राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी पिंकी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। उनका डेढ़ साल का बेटा ईशू है। शव को देख माता-पिता के साथ उनकी चारों बहनें देवी, केसरवती, वंदना, चांदनी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
-
स्कूटी फिसलने से छात्रा गंभीर घायल
तिलहर। कोचिंग पढ़कर सोमवार को दिन में करीब 11 बजे घर लौट रही मदनापुर क्षेत्र के गांव इस्माइलपुर निवासी प्रदीप की पुत्री शिवांगी गांव के पास अचानक स्कूटी फिसलने से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार देकर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। भाई विकास ने बताया कि वह बीएससी की पढ़ाई के साथ पुलिस भर्ती की तैयारी भी कर रही है। संवाद
-
हाईवे पर घायल मिले दो लोग
तिलहर। बाइक से सोमवार की रात घर लौट रहे पिथनापुर गांव के हर्षित रास्ते में अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल जाने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
इसके अलावा सोमवार की रात लखनऊ-दिल्ली हाईवे के किनारे एक ढाबे के पास एक अज्ञात घायल अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर 112 पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर ने दोनों घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। संवाद
-
सांड़ से बाइक टकराई, मां-बेटे सहित तीन लोग घायल
पुवायां (शाहजहांपुर)। पीलीभीत के कस्बा बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर निवासी अंजार खां और उनकी मां और मामी बंडा के गांव मकसूदापुर में बाइक सांड़ से टकराने से गंभीर घायल हो गए।
अंजार खां ने बताया कि तीन अगस्त को वह मां रवीना और मामी शहाना के साथ बंडा गए थे। देर रात वापस घर जाते समय मकसूदापुर में सड़क पर पशुओं को झुंड घूम रहा था। उनकी बाइक के सामने एक सांड़ आ गया और बाइक सांड़ से टकराने से तीनों लोग घायल हो गए। रवीना का बायां हाथ टूट गया।
अंजार खां और शहाना को भी काफी चोटें आई हैं। राहगीरोंं की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को बंडा सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टर ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। सूचना पाकर पहुंचे परिजन और रिश्तेदार घायलों को निजी अस्पताल ले गए। अंजार खां हेलमेट लगाए थे। अंजार खां ने बताया कि अभी पुलिस को सूचना नहीं दी है। संवाद
आमने-सामने टकराई कार और इको वैन
कांट। शाहजहांपुर रोड पर जमौर के पास मंगलवार सुबह हादसा हो गया। कार और इको वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस बीच हादसे की चपेट में एक बाइक सवार जितेंद्र घायल हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पिपरौला चौकी में खड़ा करा दिए। वहीं इको वैन में सवार एक व्यक्ति गंभीर बताया जा रहा है। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। संवाद