शाहजहांपुर। डाउन लाइन की किसान एक्सप्रेस के सामने आत्महत्या करने के उद्देश्य से एक युवक रेल ट्रैक पर लेट गया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। इस बीच आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब सवा सात बजे लखनऊ दिशा से आई गंगा सतलज एक्सप्रेस को लाइन नंबर एक पर लिया गया। ट्रेन आरपीएफ थाने के सामने तक आ गई। इस बीच पुराने वेतन कार्यालय के सामने बैठा युवक रेलवे लाइन पर कूदा और रेलवे ट्रैक पर लेट गया। लोको पायलट ने तुरंत ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया। यात्रियाें के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ लग गई। आरपीएफ और जीआरपी के कर्मचारी भी पहुंच गए। आरपीएफ ने उसे हिरासत में ले लिया। युवक ने अपना नाम वीर बहादुर निवासी जलालनगर थाना सदर बाजार बताया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान है। संवाद