अल्हागंज के गोरा गांव में मुकेश के मकान के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन। संवाद
अल्हागंज। गोरा गांव में बुधवार दोपहर घर के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर मुकेश सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। बाद में केबल से घर के कमरे में आग लग जाने से कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया।
गांव के ओवरहेड टैंक पर चौकीदारी का काम करने वाले मुकेश का मोबाइल सुबह एक बंदर उठा ले गया। बंदर से मोबाइल लेने के प्रयास में वह छत पर पहुंचे तो 33 केवी हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इस दौरान घरेलू कनेक्शन के केबल में लगी आग मुकेश के छोटे भाई आनंद के कमरे में पहुंची तो फ्रिज लपटों से घिर गया और बेड, टीवी आदि अन्य सामान्य जलकर नष्ट हो गया।
ग्रामीणों की सूचना पर विद्युत उपकेंद्र से लाइन की आपूर्ति बंद की गई। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। लेखपाल आकांक्षा रस्तोगी ने मौके पर जाकर आग से नुकसान का जायजा लिया। करंट से गंभीर रूप से झुलसे मुकेश को घरवाले उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले गए हैं।
दो माह पूर्व मुकेश के बड़े भाई सुनील भी इसी हाईटेंशन लाइन से करंट की चपेट में आ चुके हैं। तब से वह बिस्तर पर हैं और लाखों रुपये इलाज पर खर्च होने के बाद भी स्वस्थ नहीं हो सके।
जिस युवक को करंट लगा है, उसका मकान बनने से पहले से वहां 33 केवी हाईटेंशन लाइन निकली है। वहां मकान अवैध रूप से बनाया गया है। इसकी जानकारी होने पर संबंधितों को नोटिस भी दिया जा चुका है।
-जगदीश सिंह, अवर अभियंता, विद्युत निगम