शाहजहांपुर। देहरादून से फिरोजपुर जाने वाली किसान एक्सप्रेस में मजदूराें का 107000 रुपये लेकर भागने वाले आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ जीआरपी थाने में न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुवायां के गांव गंगाई निवासी ओमकार ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि भाई रविंद्र, पवन, विनोद प्रवेश समेत कई लोगाें को मजदूरी करने के लिए पंजाब ले गए थे। सभी की मजदूरी का 107000 रुपया उन्हें मिल गया और वह 17 जुलाई को किसान एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुए थे। सभी का हिसाब घर पहुंचकर करने की बात हुई थी।
तभी उनके बंडा के नवदिया निवासी साथी विकास ने भरोसे में लेकर बैग ले लिया और ओमकार को आराम करने के लिए कह दिया। बरेली निकल जाने के बाद ओमकार की आंख खुली तो विकास रुपयों समेत नदारद था। गांव आने पर विकास के भाई आकाश से पूछा तो उसने भाई का अपहरण कर मार डालने का आरोप लगा दिया।
इस पर उसने विकास को काफी तलाश किया। इस बीच पता चला कि आरोपी दिल्ली से घर लौट आया। वह उससे मिलने गया तो आरोपियों ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। थाने में तहरीर देने पर कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के निर्देश पर विकास, आकाश, जितेंद्र व ब्रजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। संवाद