देवेंद्र गंगवार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। गांव बरखेड़ा हवेली निवासी 26 वर्षीय देवेंद्र गंगवार बरेली के बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग गेट पर मोरध्वज सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। डॉक्टर ने सीएचसी पर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देवेंद्र गंगवार अपने साथियों सर्वेश कुमार गंगवार, दीपेंद्र कुमार, अवधेश गंगवार, धर्मेंद्र कुमार व ग्राम उखरी निवासी वेदपाल गंगवार के साथ 31 दिसंबर 2025 की रात कार से मेंहदीपुर बालाजी व बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए गए थे।
वापसी में शनिवार सुबह साढ़े छह बजे उन्हें बरेली के फतेहगंज पूर्वी दातागंज मार्ग पर स्थित बिलपुर का रेलवे फाटक बंद मिला। देवेंद्र कार से उतरकर रेलवे लाइन के किनारे पेशाब करने चले गए। इस बीच डाउन लाइन पर आई सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरपीएफ के बिलपुर चौकी प्रभारी निरीक्षक नरवीर सिंह यादव ने उन्हें मीरानपुर कटरा सीएचसी पर भेजा। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बरेली जीआरपी ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए बरेली भेजा। बिलपुर रेलवे स्टेशन मास्टर ने बताया कि हादसे से रेलवे यातयात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।