कलान। बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक सवार ग्राम पंचायत सथरा धर्मपुर के मजरा गिउंडी निवासी 18 वर्षीय टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाये लोग वीडियो बनाते रहे। इस बीच एएनएम विभा सिंह ने पति के सहयोग से घायल को पीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
किशन पाल का पुत्र टिंकू बाइक से बहन शिवानी और मां रामादेवी को दवा दिलाने नगर में एक निजी चिकित्सक के यहां गया था। उसने मां और बहन को क्लीनिक पर छोड़ दिया। इसके बाद किसी काम से नौगवां मुबारकपुर गांव के लिए रवाना हुआ। गुंदौरा दाऊदपुर गांव के पास रोडवेज बस की बाइक से टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद तड़प रहे टिंकू को अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौजूद राहगीर उसका वीडियो बनाने में लगे रहे। तभी उसावां (बदायूं) जाने के लिए उधर से पति के साथ निकलीं कटरा सआदतगंज अस्पताल की एएनएम विभा सिंह ने कार रोककर वीडियो बना रहे राहगीरों से नाराजगी जताकर एंबुलेंस बुलाने के लिए कहा।
मदद के लिए आगे कोई नहीं बढ़ा तो उन्होंने पति की मदद से घायल टिंकू को कार की पिछली सीट पर लिटाकर पीएचसी पर पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकीं थीं। सूचना पर पुलिस ने रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया। टिंकू के पिता की चार साल पहले ही मौत हो चुकी है। मां रो-रोकर एक ही बात कहती रहीं कि उन्होंने टिंकू से नौगवां जाने के लिए मना किया, फिर भी वह जिद करके चला गया। प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चंद ने बताया कि बस चालक की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
00
00
रोडवेज बस की टक्कर लगने से घायल दूसरे युवक की मौत
शाहजहांपुर। दो दिन पूर्व मीरानपुर कटरा में हुए हादसे में घायल तिलहर के मीरपुर माफी गांव निवासी 26 वर्षीय कमलेश की शनिवार रात बरेली से लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई है। मृतक के पिता आदेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम कमलेश उर्फ सौरभ अपने दोस्त अमन के साथ मीरानपुर कटरा के हुलासनगरा निवासी फूफा महिपाल के घर नामकरण संस्कार की दावत में गया था। वापसी में हादसे में अमन की मौके पर मौत हो गई थी। रात में लखनऊ ले जाते समय बेटे कमलेश ने बरेली मोड़ के पास दम तोड़ दिया। बेटे की मौत से बहू गुमसुम हो गई है। संवाद
कमलेश का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन