शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र के खमरिया गांव निवासी अवनीश की 25 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी की शुक्रवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति के अनुसार, पत्नी की मौत बीमारी से हुई है। जबकि मायके वालों ने अनहोनी की आशंका जताई है।
अवनीश ने बताया कि 2020 में उनकी शादी पीलीभीत के थाना बीसलपुर क्षेत्र के जसौली दिवाली गांव निवासी पुष्पा देवी के साथ हुई थी। शादी से पहले ही पत्नी को दौरे पड़ते थे। शादी के बाद सबकुछ ठीकठाक रहा। तीन-चार माह पूर्व पत्नी की तबीयत बिगड़ी तो जांच कराई। डॉक्टर ने पत्नी को टीबी बताई। पत्नी का उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार को हालत अधिक खराब होने पर पत्नी को लेकर बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां पत्नी की मौत हो गई।
वहीं, पुष्पा देवी के पिता राजकुमार ने बताया कि बेटी को दौरा पड़ता था। पहले ही बता दिया था। राजी खुशी शादी हुई थी। आरोप है कि दामाद बेटी को परेशान करता था। बेटी के साथ अनहोनी की आशंका है। इस संबंध में सिंधौली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि बीमारी से महिला की मौत होना बताया गया है। महिला के मायके वाले मौत का कारण जानना चाहते हैं। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।