निगोही। झोलाछाप की दवा खाने के बाद चकौरा पूर्वी गांव में मंगलवार की शाम 40 वर्षीय बालकराम की हालत बिगड़ गई। सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने पर वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में झोलाछाप के खिलाफ तहरीर मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव के रक्षपाल ने पुलिस को बताया कि गत शनिवार को उनके बड़े भाई बालकराम को हल्का बुखार आ गया था। इसकी दवा उन्होंने पास के एक गांव के झोलाछाप से लेकर खा ली। दवा खाते ही उनकी तबीयत बिगड़ गईं। उन्होंने सांस लेने में दिक्कत बताई। इस पर वह उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां मौजूद सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन चौधरी ने जांच कर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन वहां मंगलवार को देर शाम उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की सूचना से घर में कोहराम हो गया। बालकराम मजदूर पेशा थे। उनकी पत्नी की करीब आठ साल पहले मौत हो गई थी। उनके पुत्र सुमित और पुत्री बबली का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। दोनों नाबालिग बच्चों के सामने रोजी-रोटी की समस्या हो गई क्योंकि परिवार में वही अकेले कमाने वाले थे। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच हो रही है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद