फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: मेडिकल कॉलेज की दूसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत मामले की जांच करेगी दो सदस्यीय कमेटी

विज्ञापन
अनुज का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती क्षय रोग से पीड़ित 25 वर्षीय अनुज पाल की दूसरी मंजिल से गिरकर मृत्यु के मामले की जांच की जाएगी। प्राचार्य ने दो सदस्यीय कमेटी गठित कर तीन से पांच दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर अनुज के पिता देवेंद्र पाल ने बेहतर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन

सीतापुर के थाना महोली के गांव महोरनिया निवासी देवेंद्र पाल का पुत्र अनुज पाल करीब एक साल से टीबी से जूझ रहा था। उपचार को बीच में छोड़ने के चलते एमडीआर-टीबी (मल्टीड्रग रेसिस्टेंट-टीबी) का शिकार हो गया था। परिजनों ने लखनऊ में उपचार कराया। एक सप्ताह रुकने के बाद उसे घर भेज दिया।
लखनऊ दोबारा जाने पर डॉक्टर के नहीं मिलने पर सीतापुर में उपचार शुरू कराया गया। 22 जनवरी को उसे यहां राजकीय कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां उसे डीआरटीबी सेंटर में भर्ती किया गया। पिता देवेंद्र पाल के अनुसार, मंगलवार की रात तबीयत खराब होने के चलते वह वार्ड के बाहर लेटे थे।
विज्ञापन

रात में वार्ड में दवा देने के लिए कर्मचारी आए तो अनुज की मां राधा देवी अंदर गईं। दवा देने के बाद कर्मचारी निकला तो राधा देवी भी आकर लेट गईं। इस बीच अनुज बेड से उठा और वार्ड के बाहर दूसरी मंजिल पर रेलिंग से चढ़कर छलांग लगा दी।
अहम यह है कि उसके बाहर निकलने पर किसी कर्मचारी ने रोका-टोका नहीं। शोर-शराबा होने पर देवेंद्र और राधा देवी ने झांककर देखा तो अनुज औंधे मुंह नीचे पड़ा था। वे दोनों नीचे दौड़ते हुए आए, तब तक कर्मचारी उसे ट्राॅमा सेंटर में लेकर पहुंच गए। सिर पर गंभीर चोट होने के कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल में मरीज के कूदने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने संज्ञान लिया। उन्होंने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी को गठित कर दिया।
कमेटी में डाॅ.शबाहत और सहायक नर्सिंग अधीक्षक संदेश कुमार को शामिल किया गया है। चौक कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मरीज के आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। अगर कोई तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल की सुरक्षा पर उठे सवाल
राजकीय मेडिकल काॅलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सीसी कैमरों की निगहबानी होने के बाद भी आए दिन अस्पताल में घटनाएं होने से सवालिया निशान लग रहा है। कुछ महीने पहले मेडिकल कॉलेज के शौचालय में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। अब मरीज की नीचे गिरने से मौत हो गई। अफसरों का कहना है कि दूसरी मंजिल पर सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी थी और वह राउंड पर गया था। हादसा होने के बाद बुधवार को पूरे दिन सुरक्षा गार्ड टीबी वार्ड के बाहर तैनात रहकर निगरानी करता रहा। दूसरी मंजिल को सीसी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। हादसे की सच्चाई को जानने के लिए जांच कमेटी को सीसी कैमरों की फुटेज को खंगालने के निर्देश दिए है। फुटेज से स्थिति स्पष्ट होगी।

बेहतर उपचार नहीं करने का आरोप
अनुज की मौत के बाद मृतक के पिता देवेंद्र ने बेहतर तरीके से उपचार नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी से मरीज के भर्ती होने के बाद भी जरा-भी लाभ नहीं हुआ। सही से उपचार करते तो बेटा स्वस्थ हो जाता।

तीन साल पहले हुई थी शादी
अनुज की तीन साल पहले पड़ोसी गांव पकड़ियां निवासी रूबी से शादी हुई थी। उनकी दो साल की बेटी है। रूबी भी क्षय रोग से पीड़ित हो गई थी। उपचार होने पर वह स्वस्थ हो गई। अनुज की मौत से मां राधा, भाई दिवाकर और आनंद, बहन सुशीला व निशा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

आज होनी थी छुट्टी
मेडिकल कॉलेज से अनुज की बुधवार को छुट्टी होनी थी। डॉक्टर के अनुसार, बीमारी में तनाव की स्थिति भी आ जाती है। आशंका है कि अवसाद के चलते ही उसने कूदकर आत्महत्या कर ली।

मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन कर लिया गया है। कमेटी के सदस्यों को तीन से पांच दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- डॉ.राजेश कुमार, प्राचार्य

अनुज का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

अनुज का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें