खुदागंज। अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के जन्मोत्सव पर उनके पैतृक गांव नवादा दरोबस्त में 21 जनवरी से दो दिवसीय मेला लगेगा। अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह जन्मोत्सव समिति सरकारी विभागों के सहयोग से मेले का आयोजन करेगी।
समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की शनिवार को हुई बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। तय किया गया कि पहले दिन 21 जनवरी को कृषि और स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा। इस दिन नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र के लोग मेले में जाकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने के साथ कृषि यंत्रों की अनुदान पर खरीद कर सकेंगे।
उन्हें दोनों विभागों की अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा। मेले में दूसरे दिन अमर शहीद की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद श्रद्धांजलि सभा होगी। बैठक में आगामी 25 जनवरी को प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन पर भी चर्चा की गई। बैठक में भाजपा नेता और नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुधीर सिंह, आरएसएस के नगर प्रचारक अभिनव कुमर, भारतेंदु, भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष दीपक राठौर आदि मौजूद रहे। संवाद