खुटार के लौहंगापुर में धान भरा ट्रक पलटने से लगा जाम। संवाद
खुटार (शाहजहांपुर)। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर खुटार-पूरनपुर के बीच लौहंगापुर में धान भरा ट्रक हाईवे पर पलट जाने से चार घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाकर आवागमन सुचारु कराया।
रामपुर के कैमरी निवासी चालक तौफीक अहमद गांव के ही अपने साथी फरमान के साथ ट्रक में धान लेकर महाराजगंज से रामपुर जा रहे थे। बुधवार दोपहर लौहंगापुर में ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया। ट्रक पलटने से उसमें भरी धान की बोरियां हाईवे पर बिखर गईं। इससे हाईवे बंद हो गया। हादसे में तौफीक और फरमान घायल हो गए। आसपास के लोगों ने ट्रक के केबिन में फंस चालक, हेल्पर को किसी तरह बाहर निकाला और हादसे की सूचना पुलिस को दी।
कुछ ही देर में हाईवे पर दोनों और वाहनों की लंबी लाइन लग गई। खुटार सीएचसी में इलाज के बाद चालक और हेल्पर को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया। चार घंटे तक आवागमन प्रभावित रहने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि ट्रक पलटने से कुछ देर के लिए आवागमन में समस्या हुई थी। मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।