बीएसएनएल के भूमिगत ऑप्टिकल फाइबर केबिल में आई खराबी दूर करने के लिए खोदा गया गड्ढा ठीक से भरे नहीं जाने से उसमें बरसात का पानी भर गया। नतीजे में पहले से क्षतिग्रस्त केबिल के तमाम अच्छे-भले पेयर भी खराब हो गए। इस खराबी से सैकड़ों लैंड लाइन फोन ठप होने के साथ ब्रॉड बैंड और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हुईं।
बीते शनिवार को दोपहर निशात सिनेमा-बहादुरगंज पचराहा रोड पर कन्हैया होजरी शो रूम के पास बीएसएनएल की ओएफसी लाइन में खराबी आने से क्षेत्र के तमाम फोन ठप हो गए थे। क्षेत्र के लोगों से जानकारी पाकर मंडल अभियंता दूरसंचार जेएन वाजपेयी टेक्निकल स्टाफ को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने ठेका मजदूरों से गड्ढा खुदवाने के बाद केबिल रिपेयर करनी शुरू की।
अंधेरा घिरने तक आधा काम हो पाने के कारण टेलीफोन कर्मचारी बाकी काम रविवार को निपटाने की गरज से वहां से चले आए। रात में बारिश हुई तो आसपास का पानी इसी गड्ढे में भर गया। इस वजह से केबिल के सही सलामत तार भी खराब हो गए। सोमवार को भी दिन भर बीएसएनएल कर्मचारी खराबी दूर करने में जुटे रहे, लेकिन टेलीफोन नेटवर्क सामान्य नहीं हो सका। जिला प्रबंधक दूरसंचार राजेंद्र प्रसाद के अनुसार मंगलवार शाम तक केबिल फाल्ट ठीक हो जाने की उम्मीद है।